Pakur : जिला विधिक सेवा प्राधिकार पाकुड़ के तत्वावधान में आज यानी रविवार को विश्व जल दिवस के मौके पर एक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम झालसा रांची के निर्देश पर डालसा सभागार में आयोजित हुआ। कार्यक्रम की अध्यक्षता सचिव रूपा बंदना किरो ने की, जबकि इसका आयोजन प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष दिवाकर पांडेय के निर्देश पर किया गया।
इस अवसर पर रूपा बंदना किरो ने बताया कि हर साल विश्व जल दिवस मनाया जाता है, जिसका उद्देश्य जल संरक्षण, स्वच्छ पानी की उपलब्धता और जल के सही उपयोग के प्रति लोगों को जागरूक करना है। उन्होंने कहा कि नदियों, तालाबों और झीलों में बढ़ता प्रदूषण एक गंभीर समस्या बनता जा रहा है। शहरी कचरा और कृषि रसायनों के कारण जल स्रोत प्रभावित हो रहे हैं, जिससे जल संकट गहराता जा रहा है। यह समस्या किसी एक क्षेत्र तक सीमित नहीं है, बल्कि वैश्विक चुनौती है।
कार्यक्रम के दौरान लोगों को जल संरक्षण के विभिन्न उपायों के बारे में जानकारी दी गई। वक्ताओं ने कहा कि पानी का दुरुपयोग रोकना बेहद जरूरी है। नल को खुला न छोड़ें, जल स्रोतों में कचरा न डालें और अधिक से अधिक पेड़ लगाकर जल संचय को बढ़ावा दें। लीगल एड डिफेंस काउंसिल सिस्टम के चीफ सुबोध कुमार दफादार और डिप्टी चीफ मो. नुकुमुद्दीन शेख ने भी लोगों को जागरूक करते हुए कहा कि छोटी-छोटी आदतों से बड़े बदलाव लाए जा सकते हैं। कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने जल संरक्षण का संकल्प लिया। इस मौके पर कई गणमान्य लोग, पैरा लीगल वॉलंटियर्स और छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

