Palamu : पलामू जिले के हुसैनाबाद थाना क्षेत्र में जपला-दंगवार मुख्य सड़क पर एक गंभीर सड़क दुर्घटना हुई। यह हादसा इमलियाबांध के पास हुआ, जहां बाइक और कार के बीच तेज टक्कर हो गई। इस दुर्घटना में दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों की पहचान कुकही नायकडीह निवासी कुणाल कुमार और पांडू निवासी बादल कुमार के रूप में हुई है।
हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत मदद करते हुए एम्बुलेंस की व्यवस्था की और दोनों घायलों को अनुमंडलीय अस्पताल हुसैनाबाद पहुंचाया। अस्पताल में डॉक्टरों ने प्राथमिक इलाज किया, लेकिन एक युवक की हालत ज्यादा गंभीर होने के कारण उसे बेहतर इलाज के लिए मेदिनीनगर रेफर कर दिया गया। घटना की जानकारी मिलते ही हुसैनाबाद थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बाइक और कार को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

