Palamu : चैनपुर थाना क्षेत्र के पनेरीबांध गांव में एक खपरैल मकान में आग लगने से भारी नुकसान हो गया। मिली जानकारी के अनुसार मच्छर भगाने वाली अगरबत्ती से लगी आग ने देखते ही देखते पूरे घर को अपनी चपेट में ले लिया। यह घटना बीती रात करीब 10:30 बजे दिलीप पाठक के घर में हुई। उस समय परिवार के सदस्य घर में सो रहे थे, जिससे आग लगने की जानकारी देर से मिल पाई। हालांकि, सभी लोगों ने समय रहते बाहर निकलकर अपनी जान बचा ली।
ग्रामीणों और फायर ब्रिगेड ने पाया काबू
आग लगने की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और मोटर पंप की मदद से आग बुझाने की कोशिश की। बाद में फायर ब्रिगेड की टीम भी पहुंची। करीब तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद देर रात करीब 2 बजे आग पर काबू पाया जा सका।
सगाई का सामान समेत सब कुछ जला
पीड़ित दिलीप पाठक ने बताया कि आग में उनकी नतिनी की सगाई के लिए खरीदा गया सामान, सोने-चांदी के जेवर, 50 हजार रुपए नकद, खाद्य सामग्री, कपड़े, फर्नीचर समेत अन्य घरेलू सामान जलकर राख हो गए। इस घटना में करीब 8 लाख रुपए की संपत्ति का नुकसान हुआ है। घटना के समय दिलीप पाठक और उनकी पत्नी घर पर मौजूद नहीं थे। वे मंगलवार सुबह लौटे, तब तक घर पूरी तरह जल चुका था। अब मकान नष्ट हो जाने के कारण परिवार को अस्थायी रूप से बेटी के घर रहना पड़ रहा है।

