US and Iran War: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बीच लंबी फोन वार्ता हुई है। रिपोर्ट के मुताबिक दोनों नेताओं के बीच करीब 40 मिनट तक बातचीत हुई। ईरान सीजफायर के बाद यह पीएम मोदी और राष्ट्रपति ट्रंप के बीच पहली बातचीत है। यह वार्ता ऐसे समय हुई है, जब ट्रंप ने स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को पूरी तरह ब्लॉक करने का ऐलान किया है।
ट्रंप ने कहा, अमेरिका भारत से प्यार करता है
भारत में अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर ने इस बातचीत की जानकारी देते हुए बताया कि राष्ट्रपति ट्रंप ने पीएम मोदी से कहा कि वह यह बताना चाहते हैं कि अमेरिका भारत से प्यार करता है।
पश्चिम एशिया की स्थिति पर हुई चर्चा
प्रधानमंत्री मोदी ने भी इस फोन वार्ता की जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि बातचीत के दौरान दोनों नेताओं ने द्विपक्षीय सहयोग में हुई प्रगति की समीक्षा की। इसके साथ ही पश्चिम एशिया के हालात पर भी विस्तार से चर्चा हुई। पीएम मोदी ने कहा कि इस दौरान होर्मुज स्ट्रेट को खुला और सुरक्षित रखने के महत्व पर जोर दिया गया।
पीएम मोदी ने एक्स पर दी जानकारी
प्रधानमंत्री मोदी ने एक्स पर लिखा, “मेरे मित्र राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का फोन आया। हमने विभिन्न क्षेत्रों में अपने द्विपक्षीय सहयोग में हुई महत्वपूर्ण प्रगति की समीक्षा की। हम सभी क्षेत्रों में अपनी व्यापक वैश्विक रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। हमने पश्चिम एशिया की स्थिति पर भी चर्चा की और होर्मुज स्ट्रेट को खुला और सुरक्षित रखने के महत्व पर जोर दिया।”

पाकिस्तान में शांति वार्ता फेल होने के बाद हुई बातचीत
गौरतलब है कि ईरान सीजफायर के बाद पाकिस्तान की अगुआई में हुई शांति वार्ता विफल हो चुकी है। इस्लामाबाद में पाकिस्तान, अमेरिका और ईरान के प्रतिनिधियों ने करीब 21 घंटे तक युद्ध और शांति बहाली पर चर्चा की, लेकिन कोई नतीजा नहीं निकला। इसके बाद अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने प्रधानमंत्री मोदी से लंबी बातचीत की है।
24 मार्च के बाद फिर हुई बातचीत
इससे पहले पीएम मोदी और ट्रंप के बीच 24 मार्च को बातचीत हुई थी। उस दौरान भी दोनों नेताओं ने होर्मुज स्ट्रेट को लेकर चर्चा की थी। अब 24 मार्च के बाद 14 अप्रैल को दोनों नेताओं के बीच एक बार फिर बातचीत हुई है, जिसे मौजूदा हालात में काफी अहम माना जा रहा है।

