Ranchi : झारखंड में मौसम ने अचानक करवट ले ली है। आसमान साफ है और तेज धूप के कारण तापमान तेजी से बढ़ रहा है। मौसम विभाग ने आज कई इलाकों में तापमान 42 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना जताई है और हीटवेव को लेकर अलर्ट जारी किया है। दिन की शुरुआत हल्की ठंडक के साथ हो सकती है, जहां सुबह का तापमान 21 से 25 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा। लेकिन दोपहर होते-होते गर्मी तेज हो जाएगी और पारा 38 से 42 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।
इन जिलों में ज्यादा असर
मौसम विभाग के अनुसार, पलामू, गढ़वा और जमशेदपुर समेत कई दक्षिणी और उत्तर-पश्चिमी जिलों में गर्मी का असर ज्यादा रहेगा। पश्चिमी और मध्य झारखंड के कुछ हिस्सों में हीटवेव की स्थिति बन सकती है, जिससे लोगों की परेशानी बढ़ेगी।
बारिश की संभावना नहीं
आज पूरे राज्य में बारिश की कोई संभावना नहीं है। आसमान साफ रहेगा और दिनभर तेज धूप पड़ेगी। कुछ जगहों पर हल्के बादल दिख सकते हैं, लेकिन इससे गर्मी में राहत मिलने की उम्मीद नहीं है।
नमी बढ़ने से उमस भी महसूस होगी
नमी का स्तर 30 से 45 प्रतिशत के बीच रहने का अनुमान है, जिससे मौसम और ज्यादा शुष्क रहेगा। लोगों को गर्मी के साथ हल्की उमस भी महसूस हो सकती है। मौसम विभाग ने बताया कि आने वाले दिनों में भी झारखंड में गर्म और सूखा मौसम बना रहेगा। ऐसे में लोगों को सावधानी बरतने और धूप से बचने की सलाह दी गई है।

