Iran and US War: अमेरिका और ईरान के बीच कल इस्लामाबाद में दूसरे दौर की शांतिवार्ता होने वाली है। इस बातचीत का ऐलान खुद डोनाल्ड ट्रंप ने किया है। हालांकि बातचीत से पहले ही ट्रंप ने ईरान को नई धमकी दे दी है। उन्होंने कहा कि अगर समझौता नहीं हुआ तो ईरान की हत्यारी मशीन का अंत कर दिया जाएगा। साथ ही हर बिजली संयंत्र और पुल को ध्वस्त करने की चेतावनी भी दी। इस बयान के बाद साफ है कि वार्ता काफी तनावपूर्ण माहौल में होने वाली है।
ट्रंप बोले — डील करो या फिर परिणाम भुगतो
ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रूथ सोशल पर लिखा कि ईरान ने होर्मुज जलडमरूमध्य में फायरिंग की, जो युद्धविराम समझौते का उल्लंघन है। उन्होंने दावा किया कि फायरिंग फ्रांस के जहाज और यूनाइटेड किंगडम के मालवाहक जहाज पर की गई। ट्रंप ने कहा कि उनके प्रतिनिधि बातचीत के लिए इस्लामाबाद जा रहे हैं और अमेरिका एक उचित समझौता पेश करेगा।
ट्रंप ने चेतावनी देते हुए कहा —
अगर ईरान समझौता नहीं करता तो अमेरिका ईरान के हर बिजली संयंत्र और हर पुल को ध्वस्त कर देगा। उन्होंने यह भी कहा कि होर्मुज जलडमरूमध्य के बंद होने से अमेरिका को नुकसान नहीं हो रहा है। बल्कि कई जहाज अब टेक्सास, लुइसियाना और अलास्का की ओर रवाना हो रहे हैं। ट्रंप ने आईआरजीसी पर भी निशाना साधते हुए कहा कि अब ईरान की हत्यारी मशीन का अंत होना चाहिए।
इस्लामाबाद में हाई अलर्ट, होटल खाली कराए गए
वार्ता को लेकर पाकिस्तान में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। इस्लामाबाद के कम से कम दो बड़े होटलों को खाली कराया गया है। इनमें सेरेना होटल भी शामिल है, जहां पिछली बार बातचीत हुई थी। दो अमेरिकी C‑17 ग्लोबमास्टर विमानों के उतरने के बाद एयरपोर्ट से रेड ज़ोन जाने वाली सड़क को अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया है।
20 हजार सुरक्षाकर्मी होंगे तैनात
जिला प्रशासन ने राजधानी में भारी वाहनों और सार्वजनिक बसों पर अस्थायी रोक लगाने का फैसला किया है। बताया जा रहा है कि करीब 20 हजार सुरक्षाकर्मियों की तैनाती की जाएगी। इसमें पंजाब प्रांत की पुलिस, अर्धसैनिक रेंजर्स बल, इस्लामाबाद पुलिस और सेना शामिल होगी। कुल मिलाकर अमेरिका-ईरान वार्ता से पहले पाकिस्तान की राजधानी में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं और पूरी दुनिया की नजर इस बातचीत पर टिकी हुई है।

