National Panchayati Raj Day : राष्ट्रीय पंचायती राज दिवस के मौके पर राजधानी रांची के हरिवंश टाना भगत इंडोर स्टेडियम, खेलगांव में मुख्यमंत्री पंचायत प्रोत्साहन पुरस्कार समारोह और दक्षिणी छोटानागपुर प्रमंडलीय मुखिया सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में हेमंत सोरेन, दीपिका पांडेय सिंह, Dr. Irfan Ansari और शिल्पी नेहा तिर्की समेत कई जनप्रतिनिधि शामिल हुए।
इस दौरान राज्य के विभिन्न जिलों से चयनित उत्कृष्ट ग्राम पंचायतों, ग्राम सभाओं और पंचायत समितियों को सम्मानित किया गया। मुख्यमंत्री पंचायत प्रोत्साहन योजना के तहत उन्हें प्रोत्साहन राशि भी दी गई। साथ ही राज्य सरकार और भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण (UIDAI) के बीच एक समझौता हुआ, जिससे पंचायत स्तर पर आधार सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री Hemant Soren ने कहा कि विकास की असली नींव गांवों में है। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य है कि योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे। उन्होंने जोर दिया कि गांव मजबूत होंगे, तभी राज्य और देश का विकास संभव है।
मुख्यमंत्री ने पंचायत प्रतिनिधियों की भूमिका को अहम बताते हुए कहा कि वे ग्रामीणों के सबसे करीब होते हैं और विकास कार्यों को जमीन पर उतारने में उनकी भूमिका महत्वपूर्ण है। उन्होंने पंचायत व्यवस्था को मजबूत करने के लिए प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के बेहतर समन्वय पर भी जोर दिया।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में जल संकट (Water crisis) से निपटने के लिए तालाबों की सफाई और गहरीकरण जैसे कार्यों पर जोर दे रही है। साथ ही चापाकलों के पास सोक पिट निर्माण को बढ़ावा देने की बात कही, ताकि भूजल स्तर बना रहे।
ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने कहा कि पंचायती राज व्यवस्था में मुखिया गांव के विकास की मुख्य कड़ी है। उन्होंने बताया कि पंचायतों को हर महीने आर्थिक सहायता दी जा रही है और विभिन्न वित्त आयोगों के तहत करोड़ों रुपये पंचायतों के विकास के लिए उपलब्ध कराए गए हैं।

