Patiala : पंजाब के पटियाला जिले में राजपुरा और शंभू के बीच रेलवे ट्रैक पर बीती देर रात धमाका होने से हड़कंप मच गया। यह घटना मालगाड़ियों के लिए बने डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर (डीएफसीसी) ट्रैक पर हुई। घटना की सूचना मिलते ही रेलवे सुरक्षा बल, जीआरपी और स्थानीय पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई। अधिकारियों ने पूरे इलाके को घेरकर जांच शुरू कर दी।
एसएसपी ने दी जानकारी
पुलिस को घटनास्थल से एक अज्ञात व्यक्ति का क्षत-विक्षत शव भी मिला है। शव के अंग अलग-अलग हिस्सों में पाए गए हैं, जिससे मामला और गंभीर हो गया है।पटियाला के एसएसपी वरुण शर्मा ने बताया कि धमाका कम तीव्रता का था, लेकिन इससे रेलवे ट्रैक को कुछ नुकसान पहुंचा है। उन्होंने कहा कि अभी यह साफ नहीं है कि शव की मौत धमाके से हुई है या किसी अन्य कारण से। मामले की जांच जारी है।
फोरेंसिक टीम कर रही जांच
घटना की सच्चाई जानने के लिए फोरेंसिक टीम को मौके पर बुलाया गया है। विशेषज्ञ यह पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि यह हादसा था या किसी तरह की साजिश। इससे पहले जनवरी में फतेहगढ़ साहिब जिले में भी इसी तरह का धमाका हुआ था, जिसमें ट्रेन का इंजन क्षतिग्रस्त हुआ था और लोको पायलट घायल हो गया था।

