Delhi Municipal Corporation Result: दिल्ली नगर निगम की राजनीति में बुधवार को बड़ा बदलाव देखने को मिला। BJP उम्मीदवार प्रवेश वाही को नया मेयर चुना गया, जबकि आनंद विहार से BJP पार्षद मोनिका पंत डिप्टी मेयर बनीं। पीठासीन अधिकारी राजा इकबाल सिंह ने प्रवेश वाही के मेयर चुने जाने की आधिकारिक घोषणा की।
प्रवेश वाही को मिले 156 वोट
रोहिणी ईस्ट से पार्षद प्रवेश वाही ने मेयर चुनाव में कुल 156 वोट हासिल किए। उन्हें इंद्रप्रस्थ विकास पार्टी के 14 पार्षदों का भी समर्थन मिला। वहीं, कांग्रेस उम्मीदवार हाजी जराफ को सिर्फ 9 वोट मिले। इस तरह BJP ने आसानी से जीत दर्ज कर ली।
मोनिका पंत बनीं डिप्टी मेयर
आनंद विहार से BJP पार्षद मोनिका पंत को भी 156 वोट मिले और वह डिप्टी मेयर चुनी गईं। इसके अलावा स्थायी समिति (स्टैंडिंग कमेटी) के लिए बेगमपुर से पार्षद जय भगवान यादव, पहाड़गंज से मनीष चड्ढा और शालीमार बाग से जलज चौधरी भी चुने गए।
मेयर बनने के बाद क्या बोले प्रवेश वाही
मेयर चुने जाने के बाद प्रवेश वाही ने दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और पार्टी नेतृत्व का आभार जताया। उन्होंने कहा, “हम दिल्ली को साफ-सुथरा बनाएंगे और विकास कार्यों को तेज करेंगे।” उन्होंने आने वाले महीनों में सफाई व्यवस्था और विकास परियोजनाओं पर खास जोर देने की बात कही।
AAP ने चुनाव से बनाई दूरी
इस बार मेयर चुनाव के लिए कुल 273 वोटों का इलेक्टोरल कॉलेज था। इसमें 249 पार्षद, 14 विधायक, 7 लोकसभा सांसद और 3 राज्यसभा सदस्य शामिल थे। जीत के लिए 137 वोटों की जरूरत थी, जिसे BJP उम्मीदवार ने आसानी से पार कर लिया। दिलचस्प बात यह रही कि AAP ने इस चुनाव में हिस्सा नहीं लिया और मतदान से दूरी बनाए रखी।
AAP ने BJP पर साधा निशाना
AAP के दिल्ली अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने कहा कि पार्टी ने जानबूझकर BJP को MCD की जिम्मेदारी संभालने का मौका दिया है, ताकि जनता उसके कामकाज को देख सके। उन्होंने आरोप लगाया कि सत्ता के सभी स्तरों पर होने के बावजूद BJP दिल्ली में कोई बड़ा बदलाव नहीं ला सकी है।
2022 में हुआ था MCD का एकीकरण
बता दें कि 22 मई 2022 को पूर्वी, उत्तरी और दक्षिणी दिल्ली नगर निगम को मिलाकर एक ही संस्था—दिल्ली नगर निगम (MCD) का गठन किया गया था। इससे पहले नवंबर 2024 में AAP के महेश कुमार खिंची बेहद करीबी मुकाबले में सिर्फ 3 वोटों से मेयर चुने गए थे।
