Hazaribagh : हजारीबाग जिले के चौपारण प्रखंड स्थित महाराजगंज में बीती रात चोरों ने बड़ी वारदात को अंजाम दिया। बदमाश ज्वेलरी दुकानदार की बाइक की डिक्की से करीब 25 लाख रुपये के आभूषण लेकर फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। मिली जानकारी के अनुसार सूजी गांव निवासी और सुधा ज्वेलरी दुकान के संचालक अलखदेव पोद्दार रात में अपनी दुकान बंद कर रहे थे। इसी दौरान उन्होंने कुछ कीमती गहने बाइक की डिक्की में रख दिए और दुकान का शटर बंद करने लगे।
इसी बीच अपाचे बाइक पर सवार एक युवक मौके पर पहुंचा और कुछ ही सेकेंड में बाइक की डिक्की से आभूषण निकालकर फरार हो गया। बताया जा रहा है कि चोरी किए गए गहनों की कीमत करीब 25 लाख रुपये है। आरोपी वारदात के बाद इटखोरी की ओर भाग निकला। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर जुट गए। इसके बाद चौपारण थाना पुलिस भी पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और लोगों से पूछताछ कर रही है।
बरही एसडीपीओ अजीत कुमार विमल और इंस्पेक्टर चंद्रशेखर कुमार ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। पुलिस को उम्मीद है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तारी कर ली जाएगी। साथ ही लोगों से किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की गई है।

