Giridih : गिरिडीह जिले के बगोदर थाना क्षेत्र के बगोदरडीह पूर्वी गांव में एक दर्दनाक घटना सामने आई है। यहां चार साल के मासूम अहान की कुएं में गिरने से मौत हो गई। इस हादसे के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है। मिली जानकारी के अनुसार अहान की मां उसे अपने साथ आंगनबाड़ी केंद्र लेकर गई थी। वह वहां एक दूसरी बच्ची को टीका दिलाने पहुंची थी। इसी दौरान अहान पास में खेलते-खेलते एक निर्माणाधीन मकान के अंदर बने खुले कुएं के पास पहुंच गया और अचानक उसमें गिर गया।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत कोशिश कर बच्चे को कुएं से बाहर निकाला और उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलने पर पूर्व विधायक विनोद सिंह भी मौके पर पहुंचे और पीड़ित परिवार को सांत्वना दी। वहीं पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

