Ramgarh : रामगढ़ पुलिस ने रजरप्पा थाना क्षेत्र के शिव शंकर ज्वैलर्स में हुई डकैती मामले का खुलासा कर दिया है। पुलिस ने इस केस में सात अपराधियों को गिरफ्तार किया है और उनके पास से लूटे गए सोने-चांदी के आभूषण भी बरामद किए हैं। यह घटना 21 अप्रैल को हुई थी। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना की रात ही दो आरोपियों को पकड़ लिया था। गिरफ्तार आरोपियों में सुभानी अंसारी उर्फ ललका, मनीष कुमार, रीना देवी, चंद्रावती देवी, आनंद कुमार, अरबाज अंसारी और नसरूल्लाह अंसारी शामिल हैं।
SIT बनाकर की गई जांच
इस मामले के खुलासे के लिए पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुणायत के निर्देश पर एसडीपीओ चंदन वत्स के नेतृत्व में विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया गया था। टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और जांच के आधार पर कई जिलों में छापेमारी की।
कई जिलों में छापेमारी, बरामदगी
रामगढ़, लातेहार, पलामू, रांची समेत अन्य जगहों पर छापेमारी कर आरोपियों को पकड़ा गया। पलामू से अरबाज अंसारी और नसरूल्लाह अंसारी को गिरफ्तार किया गया। वहीं बिहार के नालंदा जिले से मनीष कुमार, रीना देवी और चंद्रावती देवी को सोने-चांदी के गहनों और एक ई-टेंपो के साथ पकड़ा गया। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि ये सभी गहने शिव शंकर ज्वैलर्स से लूटे गए थे और उन्हें बेचने की योजना थी।
वाहन और अन्य सामान भी बरामद
पुलिस ने आगे की कार्रवाई में पलामू के पिपराटांड़ थाना क्षेत्र से दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया। उनके पास से घटना में इस्तेमाल की गई होंडा शाइन बाइक, घटना के समय पहने कपड़े और लूटे गए जेवरात भी बरामद किए गए हैं।

