Giridih : जिले के डुमरी थाना क्षेत्र के कुलगो टोल प्लाजा के पास आज यानी गुरुवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। तेज रफ्तार ट्रक के अनियंत्रित होने से तीन ट्रक आपस में टकरा गए, जिसके बाद आग लग गई। मिली जानकारी के अनुसार, गुड़ लदा एक ट्रक बगोदर की ओर से आ रहा था। अचानक संतुलन बिगड़ने से वह सड़क किनारे खड़े ट्रकों से टकरा गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि तीनों ट्रकों में आग लग गई और आग ने तेजी से विकराल रूप ले लिया।
दो लोगों की जलकर मौत
इस हादसे में गुड़ लदे ट्रक के चालक और उपचालक आग की चपेट में आ गए और बाहर नहीं निकल सके। दोनों की मौके पर ही जलकर मौत हो गई। हादसे में एक अन्य ट्रक चालक घायल हो गया, जिसे तुरंत डुमरी के रेफरल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहां उसका इलाज जारी है।
मौके पर पहुंची पुलिस और दमकल
घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही डुमरी थाना पुलिस और दमकल की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। डुमरी एसडीपीओ ने हादसे में दो लोगों की मौत की पुष्टि की है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और पूरे मामले की जांच की जा रही है।

