IPL: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 के बीच BCCI ने खिलाड़ियों और सपोर्ट स्टाफ की सुरक्षा को लेकर बड़ा फैसला लिया है। बोर्ड ने सभी फ्रेंचाइजियों के लिए नई और सख्त एडवाइजरी जारी की है, जिसमें होटल रूम में बाहरी लोगों की एंट्री पर कड़े नियम लागू किए गए हैं।
होटल रूम में बाहरी लोगों की एंट्री पर रोक
BCCI सचिव देवजीत सैकिया ने सभी फ्रेंचाइजियों को भेजे गए आधिकारिक पत्र में साफ कहा है कि अब बिना टीम मैनेजर की जानकारी और लिखित मंजूरी के किसी भी बाहरी व्यक्ति को खिलाड़ियों या सपोर्ट स्टाफ के होटल रूम तक पहुंच नहीं दी जाएगी। बोर्ड के मुताबिक, कई मामलों में खिलाड़ियों और स्टाफ ने बिना अनुमति बाहरी लोगों को होटल रूम तक बुलाया था और टीम मैनेजर को इसकी जानकारी तक नहीं थी। अब इस प्रथा पर तुरंत प्रभाव से रोक लगा दी गई है।
लॉबी और रिसेप्शन तक ही मिलेगी अनुमति
नई गाइडलाइन के अनुसार, खिलाड़ियों या सपोर्ट स्टाफ से मिलने आने वाले लोग सिर्फ होटल की पब्लिक एरिया जैसे लॉबी या रिसेप्शन लाउंज में ही मिल सकेंगे। अगर किसी मेहमान को होटल रूम तक ले जाना है, तो उसके लिए टीम मैनेजर की लिखित मंजूरी जरूरी होगी।
BCCI ने हनीट्रैप को लेकर किया अलर्ट
बोर्ड ने फ्रेंचाइजियों को हनीट्रैप और सुरक्षा जोखिमों को लेकर भी चेतावनी दी है। एडवाइजरी में कहा गया है कि हाई-प्रोफाइल स्पोर्ट्स इवेंट्स के दौरान खिलाड़ियों को फंसाने या ब्लैकमेल करने की कोशिशें हो सकती हैं। इसके अलावा यौन उत्पीड़न जैसे गंभीर कानूनी मामलों का खतरा भी बताया गया है। BCCI ने टीमों को सतर्क रहने और हर गतिविधि पर नजर रखने के निर्देश दिए हैं।
टीम मैनेजर रखेंगे पूरा रिकॉर्ड
BCCI ने कहा है कि IPL ऑपरेशंस टीम समय-समय पर जांच करेगी कि नियमों का पालन हो रहा है या नहीं। साथ ही सभी टीम मैनेजरों को होटल में आने वाले मेहमानों और खिलाड़ियों की मूवमेंट का पूरा रिकॉर्ड रखने के निर्देश दिए गए हैं।
खिलाड़ियों की सुरक्षा पर BCCI का फोकस
बोर्ड का कहना है कि इन नियमों का मकसद खिलाड़ियों और सपोर्ट स्टाफ को किसी भी विवाद, सुरक्षा खतरे या अनचाही परिस्थिति से बचाना है। IPL जैसे बड़े टूर्नामेंट में खिलाड़ियों की सुरक्षा और प्रोफेशनल माहौल बनाए रखना सबसे बड़ी प्राथमिकता है।

