Ranchi : उत्पाद सिपाही भर्ती परीक्षा के पेपर लीक मामले में जेल में बंद 28 आरोपियों की जमानत याचिका पर कोर्ट में सुनवाई हुई। यह सुनवाई अपर न्याययुक्त योगेश कुमार की अदालत में हुई। अदालत ने मामले की केस डायरी पेश करने का निर्देश दिया है और अगली सुनवाई 20 अप्रैल को तय की गई है।
मिली जानकारी के अनुसार, बुधवार को 20 आरोपियों ने जमानत के लिए आवेदन किया था। इससे पहले पुलिस ने शनिवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए कुल 164 आरोपियों को गिरफ्तार किया था। सभी आरोपियों को सोमवार को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। जांच के दौरान इस मामले में एक अंतरराज्यीय पेपर लीक और सॉल्वर गिरोह का खुलासा हुआ है। गिरोह के मुख्य आरोपियों में अतुल वत्स, विकास कुमार, शेर सिंह, आशीष कुमार और योगेश प्रसाद के नाम सामने आए हैं। इसके अलावा इस नेटवर्क में 7 महिलाओं की संलिप्तता भी पाई गई है।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि गिरोह के एजेंट अभ्यर्थियों से 15-15 लाख रुपये लेकर उन्हें परीक्षा के प्रश्न और उत्तर पहले से रटवाते थे। इसके लिए अभ्यर्थियों को रड़गांव में इकट्ठा किया जाता था। इस दौरान उनके मोबाइल फोन और एडमिट कार्ड अपने कब्जे में ले लिए जाते थे। कुछ अभ्यर्थियों से आरोपियों के नाम पर बैंक चेक भी लिए गए थे। इस मामले में तमाड़ थाना में कांड संख्या 21/2026 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है और पुलिस आगे की जांच में जुटी हुई है।

