Ranchi : राजधानी रांची के चुटिया इलाके में बीती देर रात प्रशासन ने अवैध गैस कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की। गुप्त सूचना के आधार पर की गई इस छापेमारी में 200 से अधिक एलपीजी सिलेंडर जब्त किए गए। कार्रवाई साईं कॉलोनी, पावर हाउस के पास स्थित सारा कॉलोनी सहित कई जगहों पर एक साथ की गई, जिससे इलाके में देर रात तक अफरा-तफरी का माहौल रहा।
जिला प्रशासन और Chutia Police Station की संयुक्त टीम ने अलग-अलग ठिकानों पर एक साथ दबिश दी। शुरुआती जांच में पता चला है कि घरेलू गैस सिलेंडरों का इस्तेमाल व्यावसायिक कार्यों में किया जा रहा था, जो नियमों का उल्लंघन है। जब्त सिलेंडरों में Indane, Bharat Gas और Pradhan Mantri Ujjwala Yojana के कनेक्शन वाले सिलेंडर भी शामिल हैं। प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार, जिन मकानों से सिलेंडर बरामद हुए वे सामान्य रिहायशी घर हैं, लेकिन उनके अंदर बड़े पैमाने पर गैस का भंडारण किया गया था। इससे आसपास के लोगों की सुरक्षा को भी खतरा हो सकता था।
कार्रवाई के दौरान सबसे ज्यादा सिलेंडर सारा कॉलोनी से बरामद हुए, जहां एक परिसर से करीब 120 से अधिक सिलेंडर मिले। वहीं साईं कॉलोनी के एक मकान से 70 से ज्यादा सिलेंडर जब्त किए गए। इसके अलावा एक छोटे मालवाहक वाहन से भी करीब 20 सिलेंडर बरामद किए गए, जो सप्लाई के लिए ले जाए जा रहे थे। छापेमारी में कई कॉमर्शियल सिलेंडर भी मिले, जिन्हें बिना अनुमति के रखा गया था। इससे साफ है कि घरेलू और व्यावसायिक गैस के नियमों को नजरअंदाज कर मुनाफाखोरी की जा रही थी। कार्रवाई के दौरान सिटी डीएसपी और स्थानीय थाना प्रभारी समेत कई अधिकारी मौके पर मौजूद रहे और पूरी कार्रवाई एसडीओ के निर्देश पर की गई।
प्रशासन ने संकेत दिए हैं कि यह अभियान आगे भी जारी रहेगा और इस तरह के अवैध नेटवर्क को खत्म करने के लिए सख्त कदम उठाए जाएंगे। जिन लोगों की संलिप्तता सामने आएगी, उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। एग्जीक्यूटिव मजिस्ट्रेट मो. जफर हसनात ने कहा कि उन्हें अवैध भंडारण और गैस के काले कारोबार की गुप्त सूचना मिली थी, जिसके आधार पर यह कार्रवाई की गई। जांच पूरी होने के बाद दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

