Saraikela : जिले के कुकड़ू प्रखंड के तिरुलडीह और सपारूम गांव के जंगल से एक जंगली हाथी का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि हाथी की मौत हाई वोल्टेज बिजली तार की चपेट में आने से हुई है। ग्रामीणों ने जैसे ही हाथी के शव को देखा, तुरंत इसकी सूचना पुलिस और वन विभाग को दी। सूचना मिलते ही तिरुलडीह थाना पुलिस और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
इलाके में घूम रहा था हाथियों का झुंड
स्थानीय लोगों के अनुसार, पिछले कुछ दिनों से इस क्षेत्र में हाथियों का झुंड घूम रहा था। जंगल के बीच से गुजर रहे लटकते बिजली के तार जंगली जानवरों के लिए खतरा बने हुए हैं। इसी कारण हाथी के करंट की चपेट में आने की आशंका जताई जा रही है। वन विभाग ने हाथी के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की तैयारी शुरू कर दी है। डीएफओ सबा आलम अंसारी ने बताया कि रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारण की पुष्टि होगी। अगर लापरवाही सामने आती है, तो जिम्मेदारों पर कार्रवाई की जाएगी।
ग्रामीणों में नाराजगी और डर
इस घटना के बाद गांव के लोगों में दहशत का माहौल है। साथ ही बिजली विभाग और प्रशासन के प्रति नाराजगी भी देखी जा रही है। लोगों का कहना है कि खुले और लटकते तारों के कारण इस तरह की घटनाएं लगातार हो रही हैं।

