Dhanbad : धनबाद से बड़ी खबर सामने आई है, जहां वासेपुर का कुख्यात अपराधी प्रिंस खान पाकिस्तान में छिपा हुआ है। पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि वह पाकिस्तान के पंजाब प्रांत में मौजूद है और वहां उसे खुफिया एजेंसी आईएसआई के संरक्षण में रखा गया है। पुलिस के मुताबिक, प्रिंस खान दुबई से फरार होकर डंकी रूट के जरिए ओमान होते हुए पाकिस्तान पहुंचा। इस काम में उसे जैश-ए-मोहम्मद से जुड़े एक व्यक्ति की मदद मिली। अब वह वहां आतंकी संगठन से जुड़े ठिकाने में रह रहा है।
रंगदारी का पैसा अब आतंकी गतिविधियों में इस्तेमाल
जांच में यह भी सामने आया है कि पहले प्रिंस खान रंगदारी से मिले पैसे से संपत्ति खरीदता था, लेकिन अब उसी पैसे का इस्तेमाल आतंकी गतिविधियों में किया जा रहा है। पुलिस ने चेतावनी दी है कि जो लोग उसे रंगदारी दे रहे हैं, उनके खिलाफ भी सख्त कार्रवाई हो सकती है। प्रिंस खान के करीबी सहयोगी सैफी अब्बास उर्फ ‘मेजर’ की गिरफ्तारी के बाद कई चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं। सैफी को कोलकाता के दमदम एयरपोर्ट से गिरफ्तार किया गया था। पूछताछ में उसने बताया कि वह पहले प्रिंस के लिए धमकी भरे पर्चे लिखता था और उन्हें गैंग के लोगों तक पहुंचाता था।
दुबई में परिवार, पुलिस की नजर
जांच में यह भी पता चला है कि प्रिंस खान की दोनों पत्नियां दुबई में एक ही फ्लैट में रह रही हैं, जबकि उसका भाई गोपी खान पास में ही रहता है। पुलिस अब इन सभी गतिविधियों पर नजर बनाए हुए है। पुलिस अब वायरल पर्चों की फॉरेंसिक जांच कराएगी, ताकि यह पता लगाया जा सके कि उन्हें किसने लिखा था। रिमांड खत्म होने के बाद सैफी को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है।

