Bokaro : बोकारो-पुरुलिया मुख्य मार्ग NH-32 पर बुधवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। चास कॉलेज के आगे कांड्रा के पास एक एचपी तेल टैंकर ने बाइक सवार युवक को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान पिण्ड्राजोरा थाना क्षेत्र के कुमारदागा पंचायत स्थित रानी चिड़िया गांव निवासी अकलू कुम्हार के 22 वर्षीय पुत्र दीजोपद के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही पिण्ड्राजोरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।
मिली जानकारी के अनुसार सुबह करीब 8 बजे दीजोपद अपनी बाइक से चास की ओर जा रहा था। इसी दौरान सामने से आ रहे तेज रफ्तार टैंकर ने उसे टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि युवक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने मुआवजे की मांग को लेकर NH-32 को जाम कर दिया। करीब एक घंटे तक सड़क जाम रहने से दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और यातायात पूरी तरह प्रभावित रहा।
स्थिति को संभालने के लिए पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया। काफी बातचीत के बाद अधिकारियों ने सरकारी नियमों के तहत मुआवजा देने और टैंकर चालक पर कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिसके बाद ग्रामीणों ने जाम हटाया। फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की कार्रवाई जारी है।
