Ranchi : झारखंड में इन दिनों मौसम ने अचानक करवट ले ली है। तेज गर्मी के बीच अब बारिश ने दस्तक दे दी है। बीते 24 घंटों में राज्य के कई जिलों में अच्छी बारिश दर्ज की गई है। इसे देखते हुए मौसम विभाग ने 9 मई तक राज्य में बारिश का अलर्ट जारी किया है। साथ ही चेतावनी दी है कि इस बदलाव से तापमान में गिरावट हो सकती है।
तेनुघाट में सबसे ज्यादा बारिश
मौसम विभाग के अनुसार, सबसे अधिक बारिश बोकारो जिले के तेनुघाट में 82.2 मिमी दर्ज की गई है। इसके अलावा खूंटी में 26.5 मिमी और राजधानी रांची में 19.6 मिमी बारिश हुई है। अचानक बदले मौसम को देखते हुए विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया है और लोगों को गरज-चमक के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी है।
कई जिलों में तापमान में गिरावट
बारिश के कारण राज्य के 24 में से 10 जिलों में तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। इन जिलों में धनबाद, बोकारो, रामगढ़, रांची, गुमला, खूंटी, सिमडेगा, सरायकेला-खरसावां, पूर्वी और पश्चिमी सिंहभूम शामिल हैं। यहां तापमान 40 डिग्री से नीचे आ गया है।
डाल्टनगंज सबसे गर्म
वहीं, डाल्टनगंज राज्य का सबसे गर्म जिला रहा, जहां अधिकतम तापमान 39.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जमशेदपुर में 36 डिग्री और चाईबासा में 35.8 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया।
रांची में मौसम सुहाना
राजधानी रांची का अधिकतम तापमान 34.4 डिग्री सेल्सियस रहा। बारिश के कारण मौसम में ठंडक आ गई है और रात में लोगों को हल्की ठंड का एहसास हो रहा है।मौसम विभाग के मुताबिक, अगले दो दिनों में रांची के तापमान में करीब 4 डिग्री की और गिरावट हो सकती है। हालांकि इसके बाद फिर से तापमान बढ़ने की संभावना जताई गई है।

