LPG Gas Price Hike: तेल कंपनियों ने रसोई गैस सिलेंडर की कीमतों में बढ़ोतरी कर दी है। 14.2 किलो वाले घरेलू LPG सिलेंडर के दाम करीब एक साल बाद बढ़ाए गए हैं। इसमें 60 रुपये की बढ़ोतरी की गई है। वहीं 19 किलो वाले कमर्शियल सिलेंडर के दाम भी 115 रुपये बढ़ा दिए गए हैं। इंडियन ऑयल की वेबसाइट पर नए रेट अपडेट कर दिए गए हैं और ये तुरंत प्रभाव से लागू हो गए हैं।
इन शहरों में कितना हो गया नया रेट
नई कीमतों के बाद दिल्ली में 14.2 किलो वाला घरेलू LPG सिलेंडर 853 रुपये से बढ़कर 913 रुपये हो गया है। कोलकाता में इसकी कीमत 879 रुपये से बढ़कर 939 रुपये पहुंच गई है। वहीं चेन्नई में यह 868.50 रुपये से बढ़कर 928.50 रुपये हो गया है।
कमर्शियल गैस सिलेंडर की बात करें तो दिल्ली में 19 किलो वाला सिलेंडर अब 1883 रुपये का हो गया है, जबकि मुंबई में इसकी कीमत 1835 रुपये हो चुकी है। कोलकाता में यह 1875.50 रुपये से बढ़कर 1990 रुपये और चेन्नई में 1929 रुपये से बढ़कर 2043.50 रुपये हो गया है।
होटल और रेस्टोरेंट पर पड़ेगा असर
कमर्शियल गैस सिलेंडर के दाम बढ़ने का सीधा असर होटल, रेस्टोरेंट और फूड बिजनेस पर पड़ सकता है। गैस महंगी होने से खाने-पीने की चीजों की कीमतों में भी बढ़ोतरी देखने को मिल सकती है।
मिडिल ईस्ट तनाव से जुड़ा मामला?
आमतौर पर LPG सिलेंडर के दाम हर महीने की पहली तारीख को बदले जाते हैं, लेकिन इस बार 7 मार्च को ही कीमत बढ़ाने का फैसला किया गया है। इसके पीछे मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव को एक बड़ी वजह माना जा रहा है।
बताया जा रहा है कि गैस सप्लाई प्रभावित हो रही है और होर्मुज जलडमरूमध्य भी बंद है। इसी रास्ते से भारत करीब 80 से 90 फीसदी गैस आयात करता है। ऐसे में अचानक कीमत बढ़ाने को सरकार की एहतियाती रणनीति के तौर पर देखा जा रहा है।
भारत के पास कितना गैस स्टॉक बचा है
कुछ रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि भारत के पास LPG का स्टॉक लगभग 12 दिनों का ही बचा हुआ है। इसी वजह से सरकार ने तेल कंपनियों को गैस का उत्पादन बढ़ाने के निर्देश दिए हैं, ताकि सप्लाई में किसी तरह की परेशानी न आए। देश में करीब 33.2 करोड़ सक्रिय LPG उपभोक्ता हैं।
क्या आगे और बढ़ सकते हैं दाम?
कतर के ऊर्जा मंत्री साअद अल-काबी ने चेतावनी दी है कि अगर युद्ध लंबा चला तो दुनिया में बड़ा ऊर्जा संकट पैदा हो सकता है। उन्होंने कहा कि कच्चे तेल की कीमत 150 डॉलर प्रति बैरल तक पहुंच सकती है। अगर ऐसा हुआ तो गैस की सप्लाई और प्रभावित हो सकती है और आने वाले समय में LPG के दाम और बढ़ने की आशंका भी जताई जा रही है।

